कछार (08 अप्रैल 26)। असम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से ठीक पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कछार और हैलाकांडी में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। शाह ने ऐलान किया कि असम में दोबारा भाजपा की सरकार बनते ही पहली ही कैबिनेट बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का ऐतिहासिक फैसला लिया जाएगा।
अमित शाह ने UCC के महत्व को समझाते हुए कहा, 'UCC का मतलब है सबके लिए एक कानून। इसके लागू होने के बाद असम में किसी को भी चार शादियां करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।' उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने 'तीन तलाक' खत्म किया और अब पूरे देश में समानता के लिए कदम उठा रही है। राहुल गांधी और ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि विपक्षी दल घुसपैठियों को अपना 'वोट बैंक' मानते हैं। उन्होंने कहा 'ममता दीदी रोएं या राहुल बाबा सीना पीटें, लेकिन भाजपा इस देश से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालकर रहेगी। हमने पिछले 5 साल में घुसपैठ रोकी, अगले 5 साल में उनकी पहचान की और अब अगले 5 साल में उन्हें चुन-चुनकर बाहर करेंगे।'
शाह ने सिलचर में यातायात की समस्या को दूर करने के लिए NH-306 पर 565 करोड़ रुपये की लागत से 'एलिवेटेड कॉरिडोर' बनाने का वादा किया। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि एनडीए सरकार की वापसी पर सिलचर में दूसरा सचिवालय स्थापित किया जाएगा ताकि बराक घाटी के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए गुवाहाटी न भागना पड़े। असम की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे और नतीजों की घोषणा 4 मई को होगी।