Saturday, 03 Oct 2026

BJP-RSS की 'नफरत भरी सोच' संविधान को खराब कर रही: राहुल

नईदिल्ली (15 अप्रैल 26)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि BJP और RSS की 'नफरत भरी सोच' संविधान को नष्ट कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ TMC राज्य के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है। रायगंज और मालदा में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था जिसके लिए 84 लाख युवाओं ने आवेदन किया। कांग्रेस नेता ने कहा, 'मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पांच लाख लोगों को नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है।'

गांधी ने BJP और RSS पर निशाना साधते हुए उन पर 'नफरत भरी सोच' से संविधान को नष्ट करने और 'वोट चोरी में लिप्त' होने का आरोप भी लगाया। गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को 'असंवैधानिक' करार दिया और आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस को जहां भी मौका मिलता है, वे संविधान पर हमला करते हैं। उन्होंने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए धर्म और जाति के नाम पर एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया। गांधी ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद, एसआईआर के तहत मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए लोगों के नाम बहाल कर दिए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस पूरे देश में भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो भाजपा के खिलाफ मुकाबला कर सकती है और उसे हरा सकती है। गांधी ने पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी के लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया, 'तृणमूल ने बंगाल के सभी उद्योगों को बंद कर दिया और सिंडिकेट के जरिए राज्य चला रही है।' उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बंगाल के लिए बकाया दो लाख करोड़ रुपये नहीं दिए हैं और मनरेगा के तहत राज्य को कोष से भी वंचित रखा है। उन्होंने कहा, 'भ्रष्टाचार के मामले में तृणमूल भी पीछे नहीं है।' शारदा और रोज वैली जैसे पोंजी घोटालों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि 'तृणमूल सदस्यों द्वारा संचालित सिंडिकेट' भ्रष्टाचार से लाभ उठाते हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!