Wednesday, 18 Nov 2026

CEC के खिलाफ जनता की अदालत में महाभियोग

नई दिल्ली (25 अक्टूबर 26)। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोट चोरी और एसआईआर (SIR) में कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन आर-पार के मूड में आ गया है। गठबंधन की ओर से ज्ञानेश कुमार पर नकेल कसने के लिए एक बड़ा प्लान तैयार किया गया है, जिसके तहत उनके खिलाफ 'जनता की अदालत' में महाभियोग लाया जाएगा।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि संविधान को बचाने और वोट चोरी को नाकाम करने के प्रयासों के तहत इंडिया गठबंधन 30 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण जन-महाभियोग कार्यक्रम आयोजित करेगा। वेणुगोपाल के अनुसार, इस कार्यक्रम के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए जनता का स्पष्ट फैसला सुनाया जाएगा। महाभियोग कार्यक्रम के बाद विपक्ष वोट चोरी के विरोध में 'दिल्ली चलो मार्च' निकालेगा। यह मार्च नवंबर में दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जाकर संपन्न होगा, जिसमें कम से कम 10 लाख जागरूक नागरिकों के हिस्सा लेने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस ने दावा किया है कि 1 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली यह रैली इंडिया गठबंधन की अब तक की सबसे बड़ी रैली होगी। इस महारैली में गठबंधन के सभी बड़े नेता एक मंच पर मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस शक्ति प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों से संपर्क साधा है और उनसे आग्रह किया है कि कार्यक्रम के दौरान उनके शीर्ष नेता व सदस्य भारी संख्या में दिल्ली में मौजूद रहें। इससे पहले के.सी. वेणुगोपाल और अजय माकन ने एआईसीसी प्रभारियों, पीसीसी अध्यक्षों और दिल्ली के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर 1 नवंबर की मेगा रैली की तैयारियों की रूपरेखा तैयार की।

Tags:

Follow us

This question is not available..!