Sunday, 27 Sep 2026

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की तैयारी

नईदिल्ली (25 सितंबर 26)। विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक दल निर्वाचन आयोग से संबंधित हालिया खुलासों के मद्देनजर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव संबंधी नया नोटिस अगले कुछ दिनों के भीतर संसद के दोनों सदनों में देने की तैयारी में हैं। सूत्रों ने बताया कि विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर सहमति है और हाल में निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेदों से जुड़ी खबरें सामने आने के बाद इस पहल को आगे बढ़ाने की तैयारी है। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दल तीसरी बार नोटिस देने की तैयारी में हैं। 

बीते 24 अप्रैल को राज्यसभा में 73 विपक्षी सदस्यों ने उनके खिलाफ नोटिस दिया था। इससे पहले भी दोनों सदनों में विपक्षी सांसदों की ओर से ऐसा प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया था, जिसे खारिज कर दिया गया था। मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 324(5) के तहत निर्धारित है और इसके लिए संसद में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होता है। दरअसल, अंग्रेजी दैनिक 'इंडियन एक्सप्रेस' की खबर में दावा किया गया है कि निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने देशभर में मतदाता सूची के 'एसआईआर' के दौरान नाम जोड़े और हटाए जाने समेत कई मुद्दों पर आपत्तियां जताई थीं। दूसरी तरफ, निर्वाचन आयोग ने कहा कि विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग मत होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है तथा उसके सभी फैसले स्थापित वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप हैं। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!