रायगढ़ (17 सितंबर 25)। ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के तहत कांग्रेस का तीन दिवसीय कार्यक्रम कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पायलट की उपस्थिति में रायगढ़ से शुरू हुआ। रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान, वोटर अधिकार यात्रा एवं जनसभा का आयोजन किया गया। रायगढ़ के बाद अगला कार्यक्रम कोरबा में मशाल रैली होगी। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि यदि नैतिकता है, तो नरेन्द्र मोदी, राहुल गांधी के लगाए गए आरोपों का जवाब दे। देश में आजादी के बाद लोकतंत्र की स्थापना हुई, लोगों को वोट का अधिकार मिला, लेकिन उस व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। देश के मुख्य निर्वाचन आयोग के चुनाव में चीफ जस्टिस की जगह गृहमंत्री को बिठा दिया, जिससे निर्वाचन आयोग का मुखिया उनकी पसंद का बन गया। सीसीटीवी फुटेज 45 दिन में डिलीट कर दिया जाता है। राहुल गांधी ने वोट चोरी को लेकर निर्वाचन आयोग से सवाल पूछा तो जवाब बीजेपी के प्रवक्ता देते हैं, बीजेपी निर्वाचन आयोग का बचाव करती है। बिहार में लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए, राहुल गांधी ने आम लोगों के लिए बिहार में वोट अधिकार यात्रा निकाली, सत्ता पक्ष के लोग उन्हें घुसपैठियों को बचाव की बात कह रहा, क्या बिहार का गरीब, आम आदमी घुसपैठिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राहुल गांधी को धन्यवाद देना चाहता हूं क्योंकि उन्होंने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के माध्यम से पूरे देश में शंखनाद किया। राहुल गांधी ने बिहार में लाखों लोगों के जनसैलाब से सड़को पर निकल कर बता दिया कि भाजपा और चुनाव आयोग के गठबंधन से केन्द्र सरकार बनी हुई है और इस सरकार को बेनकाब करने का काम किया। हमे ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है एक-एक गांव, कस्बे, मोहल्ले तक पहुंचाना है, ताकि जनता को पता चले यह सरकार वोट चोरी से सरकार बन रही है। लोकतंत्र खतरे में है। चुनाव आयोग कटघरे में खड़ी है। केन्द्र सरकार पूरे देश के सामने बेनकाब हो चुके है। इसलिये ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान को पूरे जन-जन तक पहुंचाने का काम करना है।