भोपाल (10 अगस्त 26)। भारत निर्वाचन आयोग का ECINET नामक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म उपयोगिता के लिहाज से लोकप्रिय हो रहा है। आयोग के इस मोबाइल ऐप को लगभग 10 करोड़ 80 लाख यूजर्स ने डाउनलोड किया है। यह प्लेटफॉर्म निर्वाचन संबंधी सभी जानकारी एवं सेवाओं के लिए एक समग्र डिजिटल मंच है। ECINET की परिकल्पना भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर की थी। इसके विकास की घोषणा मई 2025 में की गई थी। इसका शुभारंभ दिल्ली में 22 जनवरी 2026 को किया गया था।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का कहना है कि ECINET का विकास पूर्णतः विधिक प्रावधानों के अनुरूप है। यह प्लेटफॉर्म हिंदी-अंग्रेजी सहित संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं में उपलब्ध है। सूचना प्रौद्योगिकी की महानिदेशक डॉ. सीमा खन्ना ने अनुसार इस मोबाइल ऐप को कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल पर प्ले स्टोर से डाउनलोड़ कर सकता है। उन्होंने बताया कि आज प्रौद्योगिकी केवल सहायक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक रणनीतिक सशक्त माध्यम बन चुकी है। ECINET चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता, विश्वसनीयता तथा जनविश्वास को और मजबूत कर रहा है।
ECINET विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की निर्वाचन सेवाओं को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने वाला विश्व का सबसे बड़ा निर्वाचन सेवा प्लेटफॉर्म है। इसमें भारत निर्वाचन आयोग के 40 से अधिक मोबाइल ऐप एवं पोर्टलों का एकीकरण किया गया है। इस प्लेटफॉर्म का विकास भारत के संविधान, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 एवं 1951, निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 तथा निर्वाचन संचालन नियम, 1961 के पूर्ण अनुपालन में किया गया है