वाशिंगटन (06 जून 25)।अमेरिका की राजनीति उस समय गरमा गई जब टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर एक सनसनीखेज दावा कर दिया। मस्क ने सोशल मीडिया पर ट्रंप का नाम कुख्यात फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन की विवादित फाइलों में होने की बात कही और यहां तक कि उनके खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही की खुली मांग भी कर डाली।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब ट्रंप और मस्क के बीच तनातनी चरम पर पहुंच चुकी है। दोनों एक-दूसरे पर सार्वजनिक मंचों से हमला कर रहे हैं, और अब यह विवाद महज कारोबारी नहीं, बल्कि नैतिक और राजनीतिक मोर्चे पर भी गहराता जा रहा है। मस्क का बड़ा आरोप: 'ट्रंप का नाम एपस्टीन फाइल में है'- एलन मस्क ने प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अब वक्त आ गया है सच्चाई उजागर करने का — डोनाल्ड ट्रंप एपस्टीन फाइल में हैं। यही वजह है कि इन दस्तावेज़ों को आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया।” उन्होंने एक और पोस्ट में लिखा, “इस पोस्ट को भविष्य के लिए संभाल कर रखिए... सच सामने आएगा।' इतना ही नहीं, मस्क ने उस पोस्ट को भी साझा किया जिसमें ट्रंप पर महाभियोग चलाने और उनकी जगह जेडी वेंस को राष्ट्रपति बनाए जाने की मांग की गई थी।