नईदिल्ली (05 सितंबर 25)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने GST काउंसिल द्वारा हाल ही में मंजूर किए गए बड़े सुधारों की दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान सराहना की। उन्होंने इसे आजादी के बाद का सबसे बड़ा कर सुधार करार दिया और कहा कि GST अब और भी सरल हो गया है। मोदी ने बताया कि अब सिर्फ 5% और 18% के दो ही स्लैब रहेंगे, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को फायदा होगा। ये बदलाव 22 सितंबर से लागू होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पहले की सरकारें विभिन्न वस्तुओं पर अलग-अलग कर लगाती थीं, जिससे आम जनता का जीवन महंगा होता था, लेकिन अब उनका मकसद लोगों की जेब पर से टैक्स का बोझ कम करना है।
PM मोदी ने कहा कि मैं इस बार 15 अगस्त को लाल किले से कहा था कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म करना बहुत जरूरी है। मैं देशवासियों से भी ये वादा किया था कि इस दिवाली और छठ पूजा से पहले खुशियों का डबल धमाका होगा। कल भारत सरकार ने राज्य के साथ मिलकर के बहुत बड़ा निर्णय किया है। अब GST और भी ज्यादा सरल हो गया है। GST के मुख्यतः दो ही रेट रह गए हैं... 5% और 18%. 22 सितंबर, सोमवार यानि नवरात्र के पहले दिन से GST की नई दरें लागू हो जाएंगी। उन्होंने आगे कहा कि इस बार धनतेरस की रौनक भी और ज्यादा रहेगी। क्योंकि दर्जनों चीजों पर टैक्स अब बहुत ही कम हो गया है। 8 साल पहले जब जीएसटी लागू हुआ तो कई दशकों का सपना साकार हुआ। ये आजाद भारत का सबसे बड़ा आर्थिक सुधारों में से एक था। प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में आगे बढ़ते भारत में GST में भी next-generation reform किया गया है। GST 2.0 ये देश के लिए support और growth की double dose है। नए जीएसटी रिफॉर्म से देश के हर परिवार को बहुत बड़ा फायदा होगा। गरीब, neo middle class, middle class महिलाएं, स्टूडेंट्स, किसान और नौजवान सभी को जीएसटी टैक्स कम करने से जबरदस्त फायदा होगा।