मुंबई (08 जनवरी 25)। महाराष्ट्र में ह्यूमन मेटापेन्यूमोवायरस (एचएमपीवी) के मामले अब बढ़ने लगे हैं। नागपुर के एक निजी अस्पताल में सात और 13 साल के दो बच्चों में एचएमपीवी वायरस की पुष्टि हुई है। ये दोनों बच्चे खांसी और बुखार से पीड़ित थे। इसके अलावा, मुंबई में भी इस वायरस का पहला मामला सामने आया है। मुंबई में 6 महीने के एक बच्चे में एचएमपीवी वायरस की पुष्टि हुई है। अब तक महाराष्ट्र में कुल 3 मामले सामने आ चुके हैं।
मुंबई के पवई स्थित हीरानंदानी अस्पताल में छह महीने की बच्ची में एचएमपीवी वायरस का मामला सामने आया। बच्ची को 1 जनवरी को गंभीर खांसी, सीने में जकड़न और ऑक्सीजन स्तर 84% तक गिरने के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने रैपिड पीसीआर टेस्ट के जरिए वायरस की पुष्टि की। बच्ची को उपचार के बाद 5 दिनों में अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
इस बीच, बीएमसी स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि उन्हें इस मामले की अभी तक कोई आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन इन्फ्लूएंजा और गंभीर श्वसन संक्रमण पर निगरानी बढ़ा दी गई है। डॉक्टरों के अनुसार, एचएमपीवी दशकों से मौजूद है और यह मुख्य रूप से बच्चों और बुजुर्गों को प्रभावित करता है, लेकिन इस वायरस से कोविड जैसी महामारी की स्थिति बनने की संभावना नहीं है।