Friday, 02 Oct 2026

INDIA गठबंधन की बैठक में 23 दल होंगे शामिल

नईदिल्ली (07 जून 26)। हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस एवं विपक्षी दलों को एक बार फिर बीजेपी ने गठबंधन करने और आगे की नई रणनीति को बनाने के लिए मजबूर कर दिया है। इसी कड़ी में INDIA गठबंधन की सोमवार यानी 8 जून 2026 को अहम बैठक होने जा रही है। गठबंधन की ओर से जारी बयान के मुताबिक, नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में दोपहर 12 बजे होने वाली बैठक में 23 राजनीतिक दलों ने शामिल होने की पुष्टि की है। हालांकि कुछ दलों ने अपने-अपने कारणों से इस विशेष बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है, लेकिन उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और कार्यशैली का विरोध किया है। 

INDIA गठबंधन की ओर से कहा गया कि देश में लाखों लोगों के वोट देने के अधिकार पर खतरा पैदा किया जा रहा है और संविधान पर लगातार हमला हो रहा है। गठबंधन ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। बैठक से पहले जारी बयान में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। विपक्षी दलों ने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है, जबकि युवाओं की उम्मीदों और रोजगार के अवसरों को नुकसान पहुंच रहा है। गठबंधन ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय हितों से समझौता किया जा रहा है और निवेश का माहौल कमजोर हो रहा है। INDIA गठबंधन ने कहा कि भारत की विविधता की तरह ही गठबंधन भी एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!