Saturday, 03 Oct 2026

IPS अधिकारी को धमकाने के मामले में प्रीतम लोधी को नोटिस

भोपाल (23 अप्रैल 26)। IPS अधिकारी को औकात दिखाने और धमकी देने मामले में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। एक तरफ आईपीएस एसोसिएशन ने मोर्चा खोल दिया है, वही दूसरी ओर हाईकमान ने नाराजगी जताई है। इस मामले में अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा नेता को नोटिस जारी किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रीतम लोधी को नोटिस जारी करते हुए लिखा है- विगत दिनों में आपके द्वारा किया गया आचरण अत्यंत आपत्तिजनक है। आपके द्वारा किया गया व्यवहार पार्टी के अनुशासन के अनुरूप नहीं है। इसलिए 3 दिन के भीतर अपना स्पष्टिकरण दें।

ये है पूरा मामला- शिवपुरी के करैरा में थार हादसे से बढ़ा विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा बेटे के लिए मैदान में उतरे प्रीतम लोधी के लगातार आ रहे विवादित बयानों के बाद पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश संगठन से पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी है। पार्टी हाईकमान ने माना है कि प्रीतम लोधी की लगातार सामने आ रही बयानबाजी से मामले ने तूल पकड़ा है। इससे सरकार व संगठन दोनों की छवि धूमिल हो रही है। इसी के चलते प्रीतम लोधी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि फिलहाल इस मुद्दे पर किसी भी तरह की सार्वजनिक बयानबाजी न की जाए। विधायक के बयान से प्रशासनिक तौर पर भी नाराजगी देखने को मिल रही है। बीते कल मामले को लेकर भारतीय पुलिस सेवा संघ ने कड़ी आपत्ति जताई थी। एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर ने पत्र जारी कर कहा कि विधायक की टिप्पणियां न केवल एसडीओपी और उनके परिवार का अपमान हैं, बल्कि जनप्रतिनिधि के पद की गरिमा के भी खिलाफ हैं। इससे प्रशासनिक अधिकारियों के मनोबल पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। संघ ने विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी। इसी कड़ी में आईपीएस एसोसिएशन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करेंगी।


Tags:

Follow us

This question is not available..!