Thursday, 01 Oct 2026

JP Morgan ने भारतीय बाजार पर जताया भरोसा

मुंबई (10 दिसंबर 25)। बिजनेस डेस्कः JP Morgan On India’s IPO वैश्विक निवेश बैंक जेपी मॉर्गन का कहना है कि भारत में प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम बाजार नई ऊंचाई पर पहुंच चुका है और अब हर साल 20 अरब डॉलर के आईपीओ को सामान्य स्तर माना जा सकता है। बैंक ने अनुमान लगाया है कि आने वाले वर्षों में यह रुझान लगातार मजबूत बना रहेगा।

JP Morgan के इक्विटी कैपिटल मार्केट्स प्रमुख अभिनव भारती ने मंगलवार को बताया कि वित्त वर्ष 2025 में भारत अब तक 21 अरब डॉलर के आईपीओ देख चुका है, जो पिछले साल के बराबर है। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 23 अरब डॉलर से ऊपर जा सकता है, क्योंकि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी की 10,000 करोड़ रुपए की बड़ी ऑफरिंग सहित कई निर्गम प्रक्रिया में हैं। भारती ने बताया कि वर्तमान में आईपीओ की मांग का लगभग 20% हिस्सा कंज्यूमर टेक और नए जमाने के डिजिटल व्यवसायों से आ रहा है और अगले पांच वर्षों में यह बढ़कर 30% से अधिक हो सकता है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि कम से कम 20 स्टार्टअप, जिनका निजी बाजार मूल्यांकन सैकड़ों मिलियन डॉलर में है, अपने आईपीओ की तैयारी में जुटे हुए हैं। 

जेपी मॉर्गन का अनुमान है कि इनमें से 4–5 कंपनियां अकेले ही 1 अरब डॉलर से अधिक के निर्गम ला सकती हैं और सामूहिक रूप से 8 अरब डॉलर तक की पूंजी जुटा सकती हैं। इनमें से दो प्रमुख कंपनियां तकनीक आधारित हैं। नई उम्र की कंपनियों के मूल्यांकन को लेकर भारती ने कहा कि भारतीय बाजार ने पिछले समय की चुनौतियों को पार कर लिया है और हाल में सूचीबद्ध कई टेक कंपनियां आज प्रीमियम पर कारोबार कर रही हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!