नईदिल्ली (30 नवंबर 24)। साल 2024 का आखिरी महीना, दिसंबर, नए बदलावों के साथ शुरू हो रहा है। हर महीने की पहली तारीख को कई अहम नियमों में बदलाव किए जाते हैं, जो आम जनता की रोजमर्रा की जिंदगी और वित्तीय प्रबंधन पर प्रभाव डालते हैं। इस बार भी, 1 दिसंबर से कई बदलाव लागू होंगे, जिनमें एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर क्रेडिट कार्ड के नए नियम तक शामिल हैं।1 दिसंबर 2024 से घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14 किलो) की कीमतों में संशोधन होने की संभावना है। ऑयल और गैस वितरण कंपनियां हर महीने के पहले दिन गैस सिलेंडर की कीमतों को अपडेट करती हैं। इस बार भी कीमतों में बदलाव देखा जा सकता है, जिसका सीधा असर घर के बजट पर पड़ेगा। एलपीजी सिलेंडर के साथ-साथ एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भी संशोधन किया जाएगा। इन बदलावों का प्रभाव हवाई यात्रा के किराए पर पड़ सकता है, जिससे यात्रियों को बढ़े हुए खर्च का सामना करना पड़ सकता है। अगर आप SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल डिजिटल गेमिंग प्लेटफॉर्म या मर्चेंट से लेन-देन के लिए करते हैं, तो 1 दिसंबर से नए नियम लागू होंगे। इन नियमों में फाइनेंस चार्ज, लेट पेमेंट चार्ज, और अन्य ट्रांजैक्शनों से संबंधित बदलाव शामिल हैं, जो आपके खर्चों को प्रभावित कर सकते हैं।