नईदिल्ली (23 मार्च 25)। नई दिल्ली में अप्रैल में होने वाला एमसीडी मेयर चुनाव इस बार कई मायनों में खास रहेगा। पहली बार ऐसा हो सकता है कि सत्ता में होने के बावजूद आम आदमी पार्टी का मेयर न बने और बीजेपी को बढ़त मिल जाए।
एमसीडी में दिल्ली विधानसभा स्पीकर ने 14 विधायकों को बतौर सदस्य मनोनीत किया है, जिसमें 11 विधायक बीजेपी के और 3 विधायक AAP के हैं। इस वजह से मेयर चुनाव में बीजेपी को संख्याबल में फायदा हुआ है। मेयर चुनाव में कुल 262 सदस्य मतदान करेंगे, जिनमें पार्षद, विधायक और सांसद शामिल हैं। 131 वोट बहुमत के लिए जरूरी हैं। बीजेपी के पास 135 वोट हैं, जिनमें 117 पार्षद,11 विधायक और 7 सांसद शामिल हैं, जबकि AAP के पास 119 वोट हैं, जिनमें 113 पार्षद, 3 विधायक और 3 सांसद शामिल हैं। कांग्रेस के सिर्फ 8 पार्षद हैं, इसलिए उनके समर्थन से भी AAP का मेयर बनना मुश्किल है। इस चुनाव में जंगपुरा से बीजेपी विधायक तरविंदर सिंह मारवाह और उनके बेटे अर्जुन सिंह मारवाह (लाजपत नगर से पार्षद) दोनों एमसीडी सदन में नजर आएंगे, जो पहली बार होगा।