मुंबई (10 नवंबर 24)। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं और इस बीच महाविकास अघाड़ी ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस घोषणापत्र के माध्यम से उन्होंने कई महत्वपूर्ण वादे किए हैं, जो महाराष्ट्र के विकास और आम जनता की भलाई से जुड़े हैं। इसमें फ्री बिजली, 500 में सिलेंडर और जातीय जनगणना का वादा किया गया है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने घोषणापत्र जारी करते हुए मौजूदा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और महाविकास अघाड़ी सरकार की योजनाओं का विवरण दिया।
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन में कहा, 'आज हम महाराष्ट्र के चुनाव के लिए घोषणापत्र प्रस्तुत कर रहे हैं। इससे पहले हमने पांच गारंटी दी थीं, जो हम अपनी सरकार बनने पर पूरी करेंगे। महाराष्ट्र और मुंबई को लेकर देश की नजरें लगी हुई हैं, क्योंकि यह चुनाव देश के भविष्य को आकार देने वाला है।' उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार असंवैधानिक और अनैतिक है। महाविकास अघाड़ी की सरकार बनाकर एक स्थिर और विकासशील सरकार लाई जाएगी, जो किसानों और खेती के विकास के लिए काम करेगी। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि महाविकास अघाड़ी सरकार बनने के बाद पांच महत्वपूर्ण गारंटियां दी जाएंगी।