Monday, 28 Sep 2026

NEET विवाद: प्रधान के इस्तीफे के लिए कांग्रेस का अभियान

नईदिल्ली (25 जून 26)। विपक्षी कांग्रेस ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और देश की परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव की मांग को लेकर 30 जून से एक देशव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की। पार्टी के एक नेता ने बताया कि 'छात्रों की गूंज' नाम के इस 40-दिन के अभियान का पहला चरण नौ अगस्त को 'दिल्ली चलो' विरोध मार्च के साथ खत्म होगा। कांग्रेस नेता सतेज पाटिल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि परीक्षा में बार-बार हुई गड़बड़ियों की वजह से छात्रों का 'भरोसा टूट चुका' है और लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य खतरे में पड़ गया है।

महाराष्ट्र के विधायक पाटिल ने कहा कि सालों की तैयारी के बाद लगभग 23 लाख छात्र नीट परीक्षा में शामिल हुए लेकिन आखिरकार सिर्फ दो लाख के करीब छात्र ही मेडिकल, दंत, आयुष और उससे जुड़े पाठ्यक्रम में दाखिला ले पाएंगे। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने कहा, 'वे 130 करोड़ लोगों के देश को चलाने की बात करते हैं, लेकिन 23 लाख छात्रों के लिए ठीक से परीक्षा भी आयोजित नहीं कर पाते। यह परीक्षा बहुत मुश्किल है और वे इसे ठीक से आयोजित करने में नाकाम रहे हैं।' उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ पेपर लीक या दोबारा परीक्षा कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने व्यवस्था पर से छात्रों के भरोसे को पूरी तरह खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा, 'छात्रों को अपनी पढ़ाई के आधार पर अंक मिलने का जो भरोसा था, वह खत्म हो गया है। वह भरोसा टूट चुका है। पूरे देश के युवाओं का भरोसा टूट चुका है।'

पार्टी ने देशव्यापी अभियान की घोषणा की है, जिसमें 28 शहरों को शामिल किया जाएगा और छात्रों, नौकरी के इच्छुक युवाओं, कोचिंग, कॉलेज परिसरों और पुस्तकालयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत, कांग्रेस नेता 30 जून से पर्चे बांटेंगे और नुक्कड़ सभाएं आयोजित करेंगे। कांग्रेस ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की व्यापक जांच की मांग की। पार्टी ने प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया, उनकी छपाई, परिवहन व्यवस्था तथा परीक्षा आयोजन के लिए अनुबंधित कंपनी की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की। पाटिल ने कोचिंग संस्थानों और परीक्षा पेपर लीक करने वाले नेटवर्क के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!