Wednesday, 30 Sep 2026

NHAI ने रचा इतिहास, हाईवे निर्माण में बने 4 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

नईदिल्ली (21 जनवरी 26)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। बेंगलुरु-कडप्पा-विजयवाड़ा इकोनॉमिक कॉरिडोर के पैकेज-2 और पैकेज-3 में लगातार बिटुमिनस कंक्रीट पाविंग करते हुए NHAI ने एक साथ चार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। यह उपलब्धि हाईवे निर्माण के क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में गिनी जा रही है। इस बड़ी कामयाबी पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने NHAI की पूरी टीम और कंसेशनायर कंपनी राजपथ इंफ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड को बधाई दी है।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह रिकॉर्ड आधुनिक तकनीक, बेहतर मशीनरी और सख्त गुणवत्ता मानकों के कारण संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारत की बढ़ती इंजीनियरिंग क्षमता और समय पर बड़े प्रोजेक्ट पूरे करने की ताकत को दर्शाती है। गडकरी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विश्वस्तरीय सड़क और हाईवे नेटवर्क की ओर बढ़ रहा है और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में नए-नए मानक स्थापित कर रहा है।

NHAI अधिकारियों के मुताबिक, इस इकोनॉमिक कॉरिडोर के पूरा होने से दक्षिण भारत की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। व्यापार, उद्योग और परिवहन को नई गति मिलेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों में भी इजाफा होगा। इस प्रोजेक्ट को देश के बुनियादी ढांचे के विकास में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर माना जा रहा है। हाल ही में NHAI ने लगातार बिटुमिनस कंक्रीट बिछाने में भी दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए थे। इस दौरान 156 लेन-किलोमीटर सड़क पर करीब 57,500 मीट्रिक टन बिटुमिनस कंक्रीट लगातार बिछाया गया। यह आंकड़ा पहले के विश्व रिकॉर्ड 84.4 लेन-किलोमीटर से कहीं ज्यादा है। नितिन गडकरी ने इसे हाईवे इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि बताया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!