Sunday, 04 Oct 2026

PoK बोलेगा- मैं भारत हूं…': राजनाथ सिंह

नईदिल्ली (30 मई 25)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 29 मई 2025 को दिल्ली में आयोजित भारतीय उद्योग परिसंघ के 'बिजनेस समिट' में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के लोगों को भारतीय परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब वे भारत की मुख्यधारा में लौट आएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान के साथ वार्ता केवल आतंकवाद और PoK के मुद्दों पर ही होगी। रक्षा मंत्री ने कहा, 'PoK के लोग हमारे अपने हैं, हमारे परिवार का हिस्सा हैं।' उन्होंने यह भी जोड़ा कि 'हम 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध हैं और हमें पूरा विश्वास है कि हमारे जो भाई आज भौगोलिक और राजनीतिक रूप से हमसे अलग हैं, वे भी किसी न किसी दिन अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर, आत्मसम्मान के साथ भारत की मुख्यधारा में लौट आएंगे।' 

रक्षा मंत्री ने 'मेक-इन-इंडिया' पहल को राष्ट्रीय सुरक्षा का आवश्यक घटक बताते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान स्वदेशी प्रणालियों के उपयोग ने यह साबित कर दिया है कि भारत में दुश्मन के किसी भी कवच को भेदने की ताकत है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत का रक्षा निर्यात पिछले दस वर्षों में 2,000 करोड़ रुपए से बढ़कर 21,000 करोड़ रुपएहो गया है, और 2025-26 तक इसे 30,000 करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य है।  रक्षा मंत्री ने भारत के पहले स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान 'एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट' (AMCA) के विकास की घोषणा की। यह परियोजना 'मेक-इन-इंडिया' पहल के तहत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। AMCA परियोजना के तहत पांच प्रोटोटाइप विकसित किए जाएंगे, और इसके बाद श्रृंखलाबद्ध उत्पादन किया जाएगा।


Tags:

Follow us

This question is not available..!