मुजफ्फराबाद (05 अक्टूबर 25)। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में कई दिन से जारी हिंसक प्रदर्शन समाप्त हो गया है। प्रदर्शनकारियों और संघीय सरकार के बीच शनिवार को समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इन प्रदर्शनों में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई और सैकड़ों घायल हुए। प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधित्व ‘जम्मू कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी' (JKJAC) ने किया था। 29 सितंबर को शुरू हुई हिंसा तब उभरी जब प्रदर्शनकारियों द्वारा 38 बिंदुओं का ज्ञापन अधिकारियों को दिया गया, लेकिन बातचीत विफल रही। इसके बाद सड़कों पर हिंसा भड़क गई।
समझौते के तहत हिंसा में मारे गए लोगों को मुआवजा दिया जाएगा और तोड़फोड़ की घटनाओं के लिए दर्ज मामलों पर निर्णय लिया जाएगा। पीओके के मुजफ्फराबाद और पुंछ संभागों में दो अतिरिक्त इंटरमीडिएट और माध्यमिक शिक्षा बोर्ड स्थापित होंगे। स्थानीय सरकार मुफ्त इलाज के लिए 15 दिन में धनराशि जारी करेगी और संघीय सरकार प्रत्येक जिले में एमआरआई व सीटी स्कैन मशीनें उपलब्ध कराएगी।