नईदिल्ली (29 जून 25)। भारत की सबसे बड़ी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) को नया प्रमुख मिल गया है। सरकार ने एविएशन रिसर्च सेंटर (ARC) के वर्तमान प्रमुख पराग जैन को नया रॉ चीफ नियुक्त किया है। वे 1989 बैच के पंजाब कैडर के IPS अधिकारी हैं और लंबे समय से कैबिनेट सेक्रेटरिएट में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान रॉ प्रमुख रवि सिन्हा 30 जून 2025 को रिटायर हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद पराग जैन RAW चीफ के रूप में पदभार संभालेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर में निभाई थी बड़ी भूमिका- पराग जैन को उनकी संस्था एविएशन रिसर्च सेंटर (ARC) की उस भूमिका के लिए भी जाना जाता है, जो उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान निभाई थी। इस ऑपरेशन में ARC ने। भारतीय वायुसेना को पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों की सटीक जानकारी दी। यह जानकारी जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के ठिकानों से जुड़ी थी। साथ ही, पाक अधिकृत कश्मीर में मौजूद टेरर लॉन्च पैड्स की लोकेशन भी मुहैया कराई गई। ARC ने ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान की हवाई गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी, जिससे भारतीय वायुसेना की स्ट्राइक बेहद सफल रही। इन स्ट्राइक्स में 9 आतंकी ठिकानों और 11 एयरबेस को टारगेट किया गया था।