अहमदाबाद (04 जून 25)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को छह रनों से पराजित कर आईपीएल 2025 ट्रॉफी जीत ली। आईपीएल के 18 सालों के इतिहास में आरसीबी पहली बार चैंपियन बनी। यह भी पहली बार है कि जब अहमदाबाद में कोई आईपीएल फाइनल खेला गया हो और पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती हो। RCB ने पहले खेलते हुए 190 रन बनाए थे, जवाब में पंजाब की टीम 184 रन पर ही सिमट गई। मुकाबले मैच में पंजाब किंग्स को 191 रनों का लक्ष्य मिला था। इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने पंजाब ने ओपनिंग में 2 अनकैप्ड खिलाड़ियों को उतारा। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने अपनी टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन प्रियांश 24 रन बनाकर आउट हो गए। फिल साल्ट ने गजब का कैच लपक कर प्रियांश को पवेलियन भेजा था। सबकुछ ठीक चल रहा था और पंजाब का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 72 रन हो गया था, लेकिन अगले 26 रन के भीतर पंजाब ने 3 महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए।
इस महत्वपूर्ण मैच में कप्तान श्रेयस अय्यर भी मात्र एक रन ही बना पाए। देखते ही देखते पंजाब ने 98 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए। नेहल वाढ़ेरा और शशांक सिंह ने धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाते हुए मिलकर 38 रन जोड़े, लेकिन एक बार विकेटों का पतझड़ शुरू होने के बाद जैसे पंजाब के हाथ से मैच फिसलता ही चला गया। पंजाब ने महज 9 विकेट के भीतर 3 विकेट गंवा दिए थे। लोवर मिडिल ऑर्डर में पंजाब के पास मार्कस स्टोइनिस और शशांक सिंह जैसे धाकड़ बल्लेबाज थे, लेकिन इन 3 विकेटों के बाद पंजाब टीम के बल्लेबाज कोई बड़ी पार्टनरशिप कर ही नहीं पाए। इन 26 रनों के भीतर दो विकेट क्रुणाल पांड्या ने चटकाए, वहीं रोमारियो शेफर्ड ने श्रेयस अय्यर को महज 1 रन पर आउट करके PBKS की कमर तोड़कर रख दी थी।