वाशिंगटन (02 सितंबर 25)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक तीखा बयान दिया। ट्रंप ने भारत पर दुनिया में सबसे ज्यादा आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि भारत अमेरिका को भारी मात्रा में सामान बेचता है, जबकि अमेरिका भारत को बहुत कम सामान बेच पाता है। उन्होंने इसे दशकों से चली आ रही 'एकतरफा आपदा' करार दिया।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा, 'बहुत कम लोग जानते हैं कि हम भारत के साथ बहुत कम व्यापार करते हैं, लेकिन वह हमारे साथ बड़े पैमाने पर व्यापार करता है। दूसरे शब्दों में, भारत हमें अपने सबसे बड़े ग्राहक के रूप में भारी मात्रा में सामान बेचता है, लेकिन हम उन्हें बहुत कम बेच पाते हैं।' उन्होंने भारत पर उच्च आयात शुल्क लगाने का आरोप लगाया, जिसके कारण अमेरिकी कंपनियों के लिए भारतीय बाजार में कारोबार करना मुश्किल हो गया है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारत ने हाल ही में अमेरिकी आयात पर टैरिफ कम करने की पेशकश की है, लेकिन इसे उन्होंने 'बहुत देर से उठाया गया कदम' बताया। ट्रंप ने भारत के रूस से तेल और सैन्य उपकरण खरीदने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत रूस से भारी मात्रा में तेल और सैन्य उपकरण खरीदता है, जबकि अमेरिका से बहुत कम खरीदता है। ट्रंप ने भारत पर अप्रत्यक्ष रूप से रूस को यूक्रेन युद्ध के लिए फंडिंग करने का आरोप लगाया।
ट्रंप प्रशासन ने 27 अगस्त 2025 से भारतीय आयात पर 50% टैरिफ लागू किया है, जिसमें 25% बेसलाइन टैरिफ और 25% अतिरिक्त टैरिफ शामिल है, जो रूस से तेल खरीदने की सजा के रूप में लगाया गया है। इस कदम से भारत के टेक्सटाइल, रत्न-आभूषण और समुद्री खाद्य जैसे क्षेत्रों पर गहरा असर पड़ा है, जो अमेरिकी बाजार पर निर्भर हैं।