नईदिल्ली (04 अक्टूबर 26)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि एसआईआर के जरिए देश को बर्बाद करने और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिशों को इंडिया गठबंधन सफल नहीं होने देगा तथा इसके खिलाफ देशभर में मिलकर लड़ाई लड़ी जाएगी। खरगे ने शनिवार को यहां जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि एसआईआर के कारण पूरी चुनावी प्रक्रिया बर्बाद हो गई है। भाजपा सरकार में लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया गया है। यहां‘चुनाव अवैध'हो रहे हैं और इन चुनावों जो भी परिणाम आ रह हैं वह सब अवैध हो रहा है उन्होंने कहा 'देश में‘अवैध चुनाव'हो रहे हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘अवैध प्रधानमंत्री' और अमित शाह ‘अवैध गृह मंत्री' हैं। सरकारों को भंग किया जाना चाहिए और चुनाव बैलेट पेपर से कराये जाने चाहिए।'
खरगे ने कहा कि लोकतंत्र में चल रही इस अवैध प्रक्रिया को देखते हुए ही इंडिया गठबंधन की बैठक बुलाई गयी थी जिसमें 20 पाटिर्यों के नेताओं के साथ लीगल सेल के कपिल सिब्बल को भी बुलाया गया। बैठक में सभी ने माना कि एसआईआर गलत तरीके से हो रहा है और इससे गरीब, पिछड़े तथा खासकर अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। खरगे ने वोट काटे जाने को गलत बताया और कहा कि एक-एक बूथ से यदि 500-500 लोगों के नाम भी हटा दिये जाते हैं तो इससे बहुत बड़ा फकर् पड़ता है। अब इन नामों को दोबारा जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस के लोग अपने-अपने लोगों के नाम रख रहे हैं जबकि गरीबों को नाम जुड़वाने में समय और पैसा खर्च करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पर कब्जा करने के लिए प्रधानमंत्री देश के लोकतंत्र को बर्बाद करने वाला कानून लेकर आये हैं। इस कानून को लाने से पहले उस समिति की संरचना बदल दी गयी थी जिसमें प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश चुनाव आयोग के गठन की प्रक्रिया में शामिल होते थे। मुख्य न्यायाधीश को हटाकर एक मंत्री को समिति में रखा गया और मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन की नई प्रक्रिया बनायी गयी।
खरगे ने कहा कि देश में ईवीएम का गलत इस्तेमाल हो रहा है और इसलिए चुनाव बैलेट पेपर से होने चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इंडिया गठबंधन का पहला आंदोलन शुक्रवार को दिल्ली में हुआ और अब सभी दल मिलकर छह अक्टूबर को एक बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम लोगों को जागरूक करना है और यदि गलती हो रही है तो चुनाव बैलेट पेपर से वोट कराये जाने चाहिए।