मुंबई (13 जून 25)। अहमदाबाद में हुई एयर इंडिया फ्लाइट AI171 की भीषण दुर्घटना के बाद करीब 242 लोगों में 204 लोगों के मारे जाने की आशंका है। वहीं इस बीच टाटा ग्रुप ने पीड़ितों के परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी टाटा ग्रुप उठाएगा, जिससे प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह दिल दहला देने वाली घटना है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। सरकार की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।'
इस दुखद घड़ी में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने एक संवेदनशील और मानवीय कदम उठाते हुए बयान जारी किया है। उन्होंने कहा, 'एयर इंडिया फ्लाइट 171 की दुर्घटना से हम गहरे दुख में हैं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।' यह पहल न केवल प्रभावित परिवारों के लिए राहत का स्रोत बनेगी, बल्कि उस विश्वास को भी मजबूत करती है जो टाटा समूह के प्रति देश की जनता रखती है। वर्तमान में राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी हैं। एयर इंडिया, DGCA और AAIB की टीमें जांच और सहायता कार्यों में जुटी हैं। वहीं, राज्य और केंद्र सरकार पूरी तरह से स्थिति पर नजर बनाए हुए है।