Monday, 28 Sep 2026

TMC को झटका: टेनिस लीजेंड लिएंडर पेस BJP में शामिल

नईदिल्ली (01 अप्रैल 26)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ीलिएंडर पेस ने अब सक्रिय राजनीति में नई पारी शुरू करते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है। मंगलवार, को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू और पार्टी नेता सुकांता मजूमदार की मौजूदगी में पेस ने आधिकारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ली। इससे पहले वे तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे।

भाजपा में शामिल होने के बाद पेस ने इसे अपने जीवन का अहम मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि अब तक वे खेल के जरिए देश का नाम रोशन करते रहे, लेकिन अब उन्हें सीधे तौर पर देश और युवाओं के लिए काम करने का अवसर मिला है। पेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक जुड़ाव नहीं, बल्कि सेवा का एक नया अध्याय है। लिएंडर पेस ने अपने संबोधन में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे खेलो इंडिया कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से भारत अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। टोक्यो ओलंपिक में भारत के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मिल रहे समर्थन ने उन्हें राजनीति में आकर खेल और युवा विकास के लिए काम करने के लिए प्रेरित किया है।

पेस का पश्चिम बंगाल से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि बचपन में राज्य में खेल सुविधाएं सीमित थीं, लेकिन अब सुधार हुआ है। फिर भी खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने और युवाओं- खासतौर पर लड़कियों को बराबर अवसर देने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि वे पार्टी के नेताओं से सीखते हुए भारत को खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में योगदान देना चाहते हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!