दुबई (05 अक्टूबर 26)। फ्लाईदुबई विमान में हुए हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। यूएई में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल ने बताया कि कैप्टन स्मित की हालत स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। राजदूत ने खुद अस्पताल में उनसे और उनके परिवार से मुलाकात की। आकाशवाणी न्यूज़ से विशेष बातचीत में डॉ. दीपक मित्तल ने बताया कि उन्होंने यूएई में कैप्टन स्मित मच्छर और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि स्मित का हौसला और उनकी स्थिति देखकर उन्हें काफी राहत मिली।
राजदूत के मुताबिक, कैप्टन स्मित खुलकर बातचीत कर रहे थे, मुस्कुरा रहे थे और हंस भी रहे थे। उन्होंने कहा कि स्मित को इस तरह खुश देखकर उन्हें और सबसे ज्यादा उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। राजदूत मित्तल ने बताया कि कैप्टन स्मित को अच्छी चिकित्सा सुविधा मिल रही है और उनकी हालत स्थिर है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास लगातार यूएई के अधिकारियों के संपर्क में है और कैप्टन के स्वास्थ्य से जुड़ी हर जरूरी जानकारी पर नजर रखी जा रही है। डॉ. मित्तल ने कहा कि भारतीय दूतावास यह सुनिश्चित करेगा कि कैप्टन स्मित को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा देखभाल मिले। उनके पूरी तरह स्वस्थ होने तक दूतावास हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यूएई के अधिकारी भी कैप्टन के इलाज और देखभाल को लेकर पूरा सहयोग कर रहे हैं।
फ्लाईदुबई की उड़ान में को-पायलट द्वारा किए गए हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू किया, जबकि अतिरिक्त पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाला। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित उतारा गया। इस घटना में कैप्टन स्मित की सूझबूझ और साहस ने विमान में सवार यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। कैप्टन स्मित के परिवार के लिए उनकी मौजूदा स्थिति किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। जिस पायलट ने हवा में जानलेवा हमले के बावजूद हिम्मत नहीं छोड़ी, उसका अब अस्पताल में मुस्कुराना और सामान्य रूप से बातचीत करना उनके तेजी से स्वस्थ होने का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।