नईदिल्ली (16 जुलाई 26)। फिलिस्तीन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत की स्थायी सदस्यता का खुलकर समर्थन किया है। भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने कहा कि भारत केवल अस्थायी नहीं, बल्कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनने का पूरा हकदार है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत है और दुनिया के प्रमुख देशों को स्थायी सदस्य बनाया जाना चाहिए। उनके अनुसार, भारत वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इसलिए उसे स्थायी सदस्यता मिलनी चाहिए।
अबू शावेश ने कहा, 'भारत सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनने का पूरी तरह हकदार है। केवल तीन साल के लिए नहीं। हमारी स्थिति इस मुद्दे पर बिल्कुल स्पष्ट है।' उन्होंने कहा कि अधिकांश देश सुरक्षा परिषद में सुधार का समर्थन करते हैं और भारत जैसे बड़े देशों को स्थायी सदस्य बनाया जाना चाहिए। फिलिस्तीनी राजदूत ने कहा कि फिलिस्तीन को संयुक्त राष्ट्र की पूर्ण सदस्यता मिलने की प्रक्रिया में सबसे बड़ी रुकावट अमेरिका है।उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र की पूर्ण सदस्यता के लिए तीन चरण होते हैं महासचिव को आवेदन देना (यह चरण पूरा हो चुका है)। सुरक्षा परिषद की सिफारिश मिलना व महासभा की मंजूरी। उन्होंने कहा कि पहले और तीसरे चरण में कोई समस्या नहीं है, लेकिन अमेरिका सुरक्षा परिषद में वीटो का इस्तेमाल कर प्रक्रिया रोक देता है।