लखनऊ (29 सितंबर 25)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जो लोग देश विरोधी या अराजकता फैलाने की कोशिश करेंगे, उनका अंजाम बुरा होगा। उन्होंने यह टिप्पणी बलरामपुर में एक जनसभा के दौरान की, जहां उन्होंने हाल की घटनाओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर सख्त रुख अपनाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जिन लोगों का काम विकास में बाधा डालना है, उनके लिए विकास विनाश बन जाएगा। उन्होंने कहा कि त्योहारों से पहले उपद्रव करने वाले लोगों को आने वाली पीढ़ियां नहीं भूलेंगी। योगी आदित्यनाथ ने कुछ लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 'गजवा-ए-हिंद' जैसा सपना देखते हैं ऐसे लोगों का अंत छांगुर बाबा जैसा होगा। उनका कहना था कि अब वह जमाना नहीं रहा, जब कुछ राजनीतिक दलों के शासन में अराजकता स्वीकार्य थी; अब दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था को प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। कुछ लोगों पर आरोप लगाया कि वे बच्चों के हाथों में विवादित पोस्टर या तख्तियां थमा देते हैं, जिससे ना केवल समाज में तनाव बढ़ता है बल्कि उन बच्चों की जिंदगी भी प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी संवेदनाएं गरीब, नौजवान, किसानों, बेटियों और व्यापारियों के प्रति हैं, लेकिन शांति भंग करने वालों के प्रति वह सख्त होंगे। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि लव-जिहाद, धर्मांतरण और गो-तस्करी जैसी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें। यदि किसी को ऐसी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन कहना चाहता है कि ऐसे मामलों को वह गंभीरता से लेगा और जरूरी कार्रवाई व सहायता उपलब्ध कराएगा।