नईदिल्ली (10 अक्टूबर 26)। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे से कहीं अधिक गहरी समस्या है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि यदि विपक्ष पिछले कुछ दिनों की तरह अपना दबाव बनाए रखता है, तो सरकार गिर जाएगी।
संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में 'इंडिया' गठबंधन के सांसदों को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि विपक्ष के प्रदर्शनों ने सरकार की नींव हिला दी है और अब सरकार डरी हुई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार से कहीं अधिक गहरी समस्या है और इसके लिए मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है।' उन्होंने कहा कि यह ऐसी लड़ाई है, जिसके लिए संघर्ष करना और जान तक देना सार्थक है।
गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल एक 'सर्विस प्रोवाइडर' (सेवा प्रदाता) हैं और उनमें यह कहने का साहस है कि वह जनता के निर्वाचित प्रतिनिधियों से मुलाकात नहीं करेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, 'यदि हम पिछले तीन-चार दिनों की तरह अपना दबाव बनाए रखते हैं, तो मैं गारंटी देता हूं कि यह सरकार गिर जाएगी।'