Monday, 05 Oct 2026

अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन में बालाघाट अव्वल

बालाघाट (28 जून 25)। असंगठित क्षेत्र के कामगारों को वृद्ध अवस्था में आर्थिक संबल प्रदान करने वाली अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन में बालाघाट जिले ने देश में पहला तथा श्योपुर जिले ने तीसरा स्थान अर्जित किया है। उल्लेखनीय है कि सूची में 10 में से 3 जिले मध्यप्रदेश के हैं। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को 60 वर्ष की आयु के बाद एक निश्चित पेंशन राशि प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा अटल पेंशन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में अधिक से अधिक असंगठित क्षेत्र के लोगों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में नए लोगो को जोड़ने और उनका पंजीयन कराने में बालाघाट जिला देश में प्रथम स्थान पर है। यह बालाघाट जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कलेक्टर श्री मृणाल मीणा की पहल पर जिले में बैंको द्वारा कृषि, महिला एवं बाल विकास, आजीविका मिशन एवं श्रम विभाग के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

देश में 01 मई 2025 से अटल पेंशन योजना में अधिक से अधिक लोगो को जोड़ने के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है, अभियान 15 जुलाई 2025 तक चलेगा। कलेक्टर श्री मृणाल मीणा द्वारा इस अभियान के अंतर्गत जिले में 50 हजार लोगों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इस विशेष अभियान में 27 जून 2025 तक 10 हजार 925 असंगठित क्षेत्र के कामगारों एवं लोगो को इस योजना से जोड़ा जा चुका है, जो देश के सभी जिलों में सबसे अधिक है। केंद्रीय एजेंसी द्वारा बालाघाट जिले को 2992 लोगों को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य के विरूद्ध 10 हजार 925 लोगों को जोड़कर 365 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बालाघाट जिला देश में प्रथम स्थान पर है। द्वितीय स्थान पर कर्नाटक का कोलार, तृतीय स्थान पर मध्यप्रदेश का श्योपुर, चतुर्थ स्थान पर कर्नाटक का चिकबल्लापुर, पंचम स्थान पर उत्तरप्रदेश का बाराबंकी,छठवें स्थान पर पश्चित बंगाल का माल्दा, सातवें स्थान पर उत्तरप्रदेश का महाराजगंज, आठवें स्थान पर मध्यप्रदेश का उज्जैन व नौवें स्थान पर अलीराजपुर तथा दसवें स्थान पर पश्चित बंगाल का मुर्शिदाबाद जिला है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!