तेहरान (24 जून 25)। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका द्वारा ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु ठिकानों पर हमले के जवाब में कतर स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे अल उदीद एयरबेस पर बड़ा मिसाइल हमला किया है। यह हमला 'या अबा अब्दिल्लाह अल-हुसैन' नामक सैन्य अभियान के तहत किया गया। जानकारी के मुताबिक यहां 10 मिसाईलें दागी गईं। वहीं अब ईरान ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कहा कि अब 'मारो और भाग जाओ' की नीति नहीं चलेगी। IRGC के पब्लिक रिलेशन्स ऑफिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह जवाबी हमला ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के निर्देशों और खातम अल-अनबिया केंद्रीय कमान के नेतृत्व में किया गया।
बयान में अमेरिका को साफ संदेश देते हुए कहा गया है, 'ईरान, अपने लोगों के समर्थन और ईश्वर में विश्वास के साथ, अपनी संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा पर हुए किसी भी हमले को बिना जवाब के नहीं छोड़ेगा।' ईरान ने अमेरिका के हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताया और कहा कि यह पूरी तरह से एक आक्रामक और अवैध कार्रवाई थी। IRGC ने यह भी कहा कि अमेरिका के सैन्य अड्डे, जो उसे ताकत का प्रतीक लगते हैं, दरअसल उसकी सबसे बड़ी कमज़ोरी और जोखिम हैं। उन्होंने कहा, 'अब अमेरिका के सैन्य अड्डे और चलते-फिरते ठिकाने उसके लिए शक्ति नहीं, बल्कि उसके विनाश का कारण बन सकते हैं।'