नईदिल्ली (29 मई 25)। विश्व स्वास्थ्य संगठन के ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारत समेत 20 से ज्यादा देशों में फिर से कोरोना वायरस के मामले सामने आ रहे हैं। हर दिन लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। भारत में कोरोना के एक्टिव केस की गिनती 1200 तक पहुंच गई है।
जानें भारत में कोरोना की स्थिति- देशभर में कोरोना के एक्टिव केस 1200 तक पहुंच गए हैं। केरल में सबसे ज्यादा 430 एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है, यहां 325 केस, जिनमें 316 सिर्फ मुंबई में। मंगलवार को नए मामले: महाराष्ट्र (66), कर्नाटक (36), गुजरात (17), बिहार (5), हरियाणा (3)।
अरुणाचल प्रदेश में 2 महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। यूपी के फिरोजाबाद में 78 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, नए वेरिएंट से राज्य में पहली मौत। देशभर में कुल 12 मौतें, जिनमें महाराष्ट्र, राजस्थान, बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश से 11 शामिल। पीएम मोदी के यूपी-बिहार दौरे के चलते सुरक्षा सख्त, 100 मीटर दायरे के सभी लोगों की कोरोना जांच होगी।
फिलहाल, ऐसा नहीं कहा जा सकता कि इस बार कोरोना ज्यादा खतरनाक हो गया है। इस बार JN.1 और BA.2.86 नाम के नए वेरिएंट सामने आए हैं। ये वेरिएंट बहुत तेजी से फैलते हैं, लेकिन WHO या ICMR ने अब तक नहीं बताया है कि ये पहले से ज्यादा खतरनाक हैं। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल के डॉक्टर अजीत कुमार बताते हैं कि इस समय मौसम में बदलाव आया है-उमस, बारिश और ठंड से वायरल बीमारियां बढ़ जाती हैं। लोगों को खांसी, जुकाम और बुखार हो रहा है। ऐसे में कोविड का वायरस भी फैल रहा है, क्योंकि यह पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और इसके वेरिएंट्स में बदलाव हो रहे हैं। डॉक्टर अजीत का कहना है कि समय के साथ लोगों की कोरोना से लड़ने की ताकत (इम्यूनिटी) कम हो गई है। वैक्सीन का असर भी धीरे-धीरे घट सकता है। साथ ही वायरस में लगातार बदलाव हो रहे हैं, जिससे संक्रमण बढ़ रहा है।