लखनऊ (27 नवंबर 26)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले 12 वर्षों से वे इसे 'कमजोर करने का काम' कर रहे हैं। खरगे ने लखनऊ में संविधान रक्षा सम्मेलन यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि देश दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई देख रहा है-एक जो संविधान के साथ खड़ी है जिसका प्रतिनिधित्व कांग्रेस करती है और दूसरी जिसने हमेशा इसका विरोध किया है जिसका प्रतिनिधित्व भाजपा और आरएसएस करता है। उन्होंने कहा, 'आरएसएस तब भी संविधान के खिलाफ था और आज भी इसके खिलाफ है।'
खरगे ने आरएसएस और भाजपा पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने में विश्वास करती है। उन्होंने कहा, 'जैसा कि राहुल गांधी ने कहा है, हम हमेशा 'मोहब्बत की दुकान' चलाते हैं, जबकि आरएसएस और भाजपा 'नफरत की दुकान' चलाते हैं। अगर आप इसी तरह नफरत फैलाते रहे, तो देश, यहां के युवाओं और गरीबों को बर्बाद कर देंगे। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम देश को बचाने के लिए लड़ेंगे।' खरगे ने संसद में डॉ. बी.आर. आंबेडकर को लेकर दिए गए बयानों के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि शाह ने संविधान के निर्माता का अपमान किया है। शाह ने आंबेडकर का बार-बार नाम लिए जाने को 'फैशन' बताया था। खरगे ने कहा, 'संसद में अमित शाह ने जो कहा, वह सबको याद है। उन्होंने कहा था कि आंबेडकर का नाम लेना एक 'फैशन' बन गया है। यह कोई फैशन नहीं, बल्कि सच्चाई है। हम आंबेडकर का नाम सौ बार लेंगे। जब तक आप संविधान के साथ धोखा करते रहेंगे, हम उनका नाम लेते रहेंगे।'
खरगे ने भाजपा और आरएसएस पर कांग्रेस नेताओं की देशभक्ति पर सवाल उठाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'आप खुद को देशभक्त कहते हैं और हमें देशद्रोही बताते हैं। लेकिन अंग्रेजों को दया याचिकाएं किसने लिखीं और पेंशन की मांग किसने की? क्या हमारे किसी नेता ने ऐसा किया? जवाहरलाल नेहरू ने 13 साल जेल में बिताए। हमने डटे रहना सीखा है, झुकना नहीं।' उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाकर दलितों, महिलाओं, गरीबों और वंचित समुदायों के मतदान के अधिकार को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।