Monday, 28 Sep 2026

अमेरिका पर कर्ज 40 ट्रिलियन डॉलर के पार

वाशिंगटन (21 अगस्त 26)। अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज मंगलवार को पहली बार 40 लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया। यह स्तर पूर्वानुमानों से काफी पहले आया है और बढ़ते सरकारी खर्च, बजट घाटे तथा कर्ज पर बढ़ते ब्याज के बीच अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर बढ़ते वित्तीय दबाव को दर्शाता है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय के अनुसार, संघीय कर्ज मंगलवार को 40 लाख करोड़ डॉलर के आंकड़े को पार कर गया। अमेरिकी कांग्रेस के बजट कार्यालय (सीबीओ) ने मई 2023 में अनुमान लगाया था कि यह स्तर वित्त वर्ष 2028 से पहले पार नहीं होगा। अमेरिका का कर्ज महज पांच महीने में एक लाख करोड़ डॉलर बढ़ा है। सरकार का खर्च लगातार उसके राजस्व से अधिक बना हुआ है। जानकारों का कहना है कि इसके नतीजे आने वाले दिनों में आम लोगों, कंपनियों और सरकार को भुगतने होंगे। देश में हर व्यक्ति पर 119,699 डॉलर का कर्ज है।

सीएनएन के अनुसार, 30 सितंबर को समाप्त होने वाले मौजूदा वित्त वर्ष के पहले 10 महीनों में अमेरिका का बजट घाटा 1.8 लाख करोड़ डॉलर रहा। पीटर जी. पीटरसन फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइकल पीटरसन ने चेतावनी दी कि अगले छह वर्षों में अमेरिकी कर्ज बढ़कर 50 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा, 'हम वास्तव में अपनी अर्थव्यवस्था और देश के भविष्य को खतरे में डाल रहे हैं।' विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका में बढ़ते कर्ज के पीछे कई दीर्घकालिक कारण हैं। इनमें बुजुर्ग आबादी में वृद्धि के कारण सोशल सिक्योरिटी और मेडिकेयर पर बढ़ता खर्च प्रमुख है। करीब 10,000 बेबी बूमर (1946-64 के बीच जन्मे लोग) रोजाना सेवानिवृत्त हो रहे हैं और लाभार्थियों की औसत आयु भी बढ़ रही है।

करों में कटौती और सरकारी खर्च में वृद्धि ने भी कर्ज बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनमें 2017 का टैक्स कट्स एंड जॉब्स एक्ट, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का 2025 का‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल एक्ट'(ओबीबीए) और ट्रंप तथा पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में कोविड-19 राहत पैकेज शामिल हैं। इन उपायों से आने वाले वर्षों में संघीय कर्ज में खरबों डॉलर की वृद्धि होने का अनुमान है। बढ़ती ब्याज दरों ने भी समस्या को और गंभीर किया है। महामारी के दौरान महंगाई पर काबू पाने के लिए फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाये जाने के बाद सरकार के लिए कर्ज चुकाने की लागत तेजी से बढ़ी है। इस वित्त वर्ष में ब्याज भुगतान एक लाख करोड़ डॉलर से अधिक रहने का अनुमान है, जो रिकॉडर् स्तर होगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!