वाशिंगटन (06 जून 25)। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में खालिस्तानी समर्थकों ने भारतीय सांसद शशि थरूर के खिलाफ ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध उस समय हुआ जब थरूर एक बहुपक्षीय संसदीय दौरे के तहत अमेरिकी अधिकारियों से मिलने नेशनल प्रेस बिल्डिंग पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में पाकिस्तान और अमेरिका के झंडे थे और वे 'सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ)' नामक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं। विरोध के दौरान न केवल भारत विरोधी नारे लगाए गए, बल्कि एक प्रदर्शनकारी ने सार्वजनिक रूप से भारतीय तिरंगे को फाड़कर उसकी बेअदबी की, जिसकी वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है।
शशि थरूर ने विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा: 'यह विरोध लोकतंत्र और भारत के नागरिक अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश है। हम यहां शांति और लोकतंत्र का संदेश लेकर आए हैं। इस तरह की हरकतें हमें डराने वाली नहीं हैं।' हालांकि अभी तक भारत सरकार या विदेश मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार अमेरिकी प्रशासन के समक्ष इस घटना को लेकर कड़ी आपत्ति जता सकती है। साथ ही, भारतीय प्रतिनिधिमंडलों और दूतावासों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त की जा सकती है। खालिस्तानी समर्थकों द्वारा विदेशों में भारत विरोधी गतिविधियां कोई नई बात नहीं हैं। इससे पहले भी कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका में भारतीय राजनयिकों और तिरंगे के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन और अपमानजनक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जगदीप सिंह नामक यूजर द्वारा शेयर किए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर हजारों बार देखा जा चुका है। इस वीडियो को लेकर लोग दो गुटों में बंट गए हैं। कुछ इसे 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता” बता रहे हैं, जबकि अधिकतर यूजर्स इसे 'भारत विरोधी घृणित कृत्य' कहकर इसकी निंदा कर रहे हैं।