इंदौर (11 जनवरी 26)। भागीरथपुरा में जहरीले पानी के सप्लाई से हुई 20 लोगों की मौत के मुद्दे पर कांग्रेस के द्वारा रविवार को इंदौर में न्याय यात्रा का आयोजन किया गया है। यह यात्रा बड़ा गणपति चौराहा से शुरू होगी और राजवाड़ा पर आकर समाप्त होगी। यात्रा में शामिल सभी नागरिक पैदल चलते हुए सरकार से भागीरथपुरा के नागरिकों के लिए न्याय मांगेंगे। इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि रविवार सुबह 11 से बड़ा गणपति चौराहा से न्याय यात्रा का आयोजन किया गया है। यह यात्रा पूरी तरह से एक मौन यात्रा के रूप में रहेगी। यात्रा में शामिल सभी नागरिक बड़ा गणपति चौराहा से पैदल चलते हुए राजवाड़ा पर लोकमाता देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा तक आएंगे। इस यात्रा का नेतृत्व महिलाओं के द्वारा किया जाएगा। सबसे आगे महिलाओं का समूह चलेगा।
यात्रा में भाग लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मध्य प्रदेश के प्रभारी महासचिव हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्य सभा सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा, मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन यादव, इंदौर संभाग की कांग्रेस की प्रभारी सचिव उषा नायडू, इंदौर के प्रदेश कांग्रेस के द्वारा नियुक्त प्रभारी संजीव सक्सेना इंदौर पहुंच गए हैं।