इंदौर (15 फरवरी 26)। भगवान भोलेनाथ शिवशंकर महादेव और माता पार्वती की भक्ति और आराधना का पर्व महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान शहर के देवालयों में भक्तों की भीड़ रहेगी। खासकर शहर के प्राचीन शिवालयों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। यहां कई दिनों पूर्व से उत्सवी माहौल है। समाज के हर वर्ग और आयु के लोग उत्साह पूर्वक बाबा भोलेनाथ की आराधना में जुटे हैं। रविवार को इन सभी स्थलों पर भक्ति का सैलाब नजर आएगा।
भूतेश्वर महादेव मंदिर पर शास्त्रीय संगीत- पंचकुइया मोक्षधाम स्थित श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में शास्त्रीय संगीत निशा का दिव्य आयोजन होगा। मोक्ष धाम अर्थात श्मसान घाट का क्षेत्र होने के कारण यह मान्यता है कि यहां आने वाले पार्थिव शरीर भगवान शिव की दृष्टि पड़ने से सहज ही मोक्ष को प्राप्त होते हैं। इस प्राचीन मंदिर पर चारों प्रहर पूजा का भी विशेष प्रावधान है। इस बार भी महाशिवरात्रि पर वैदिक मंत्रोच्चार, शैव आगमिक विधि और पारम्परिक पूजन संस्कारों की सात्विक धारा के बीच चारों प्रहर पूजा होगी।
विद्याधाम पर चारों प्रहर पूजा- विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर चल रहे शिव नवरात्रि महोत्सव में महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की चारो प्रहर विशेष महापूजा होगी। यहां भगवान शिव को विभिन्न स्वरूपों में श्रृंगारित करने का क्रम नवरात्रि के पहले दिन से ही चल रहा है। शनिवार को भगवान शिव का सूखे मेवों से मनोहारी श्रृंगार किया गया।
हंसदास मठ पर विभिन्न अनुष्ठान- पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर महाशिवरात्रि के महापर्व पर रविवार को सुबह 9 बजे से हंस पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज के सानिध्य में काशी विश्वनाथ एवं हंसेश्वर महादेव का नमक-चमक से महारुद्राभिषेक होगा। महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज के निर्देशन में दोपहर में 2 बजे से हंसेश्वर महादेव के अभिषेक एवं भजन गंगा के आयोजन भी होंगे। सायं सात बजे से आकर्षक श्रृंगार के साथ शिव-पार्वती की मनोहारी झांकी सजाई जाएगी। प्रसाद वितरण भी होगा।
गीता भवन में रूद्राभिषेक एवं श्रृंगार- मनोरमागंज स्थित गीता भवन पर महाशिवरात्रि उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। यहां स्थित सभी मंदिरों में पुष्पों एवं विद्युत सज्जा से श्रृंगार किया जाएगा। शिव मंदिर में विशेष पुष्प एवं आकर्षक विद्युत सज्जा के अलावा पूरे दिन सुसज्जित शिवजी के दर्शन होंगे। फलाहारी खिचड़ी प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा तथा प्रात:कालीन सत्संग के बाद 10.15 बजे से पांच ब्राह्मणों द्वारा नमक-चमक से रूद्राभिषेक भी होगा।
नीलकंठेश्वर महादेव पर सजेगा पुष्प बंगला- माली मोहल्ला, एमओजी लाइंस स्थित सदगुरु लादूनाथ महाराज आश्रम के महाप्रचंड हनुमान मंदिर में नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर पर महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में सुबह 10 बजे से गुरु आश्रम न्यास समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में महंत रामकिशन महाराज के सानिध्य में दुग्धाभिषेक के बाद दोपहर 12 बजे भक्तों में ठंडाई प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके पूर्व सुबह 5 बजे ब्रह्म मुहूर्त में रूद्राभिषेक एवं आरती के आयोजन भी होंगे।
नवलखा कांटाफोड़ मंदिर पर अदभुत दर्शन- नवलखा स्थित मनकामेश्वर कांटाफोड़ शिव मंदिर पर चल रहे पांच दिवसीय शिव विवाह एवं शिवरात्रि महोत्सव के तृतीय दिवस शनिवार को सैकड़ों भक्तों ने ढोल-ढमाकों सहित मंदिर पहुंचकर दूल्हे बने भगवान शिव और दुल्हन बनी पार्वती मैया को सुगंधित उबटन, लेपन से अभीसिक्त कर नाचते-गाते हुए अपनी खुशियां व्यक्त की। महाशिवरात्रि पर इस बार शहर के भक्तों को रविवार को सांय 6.30 बजे से कांटाफोड़ मंदिर पर 10 कलाकारों द्वारा निर्मित मां वैष्णो देवी की गुफा और रजत मंडित विवाह मंडप, वरमाला एवं सात फेरों सहित शिव विवाह की जीवंत झांकी के दर्शन हो सकेंगे।
श्री आनंद धाम में आध्यात्मिक महोत्सव- उज्जैन रोड स्थित श्री आनंद धाम आश्रम में आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। रविवार को आश्रम परिसर में श्री रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग के दुर्लभ और पवित्र 22 कुंडों के जल से 12 ज्योतिलिंर्गों का विधिवत रुद्राभिषेक एवं पूजन किया जाएगा। यह विशेष अनुष्ठान गुरुदेव विवेक महाराज के पावन सानिध्य में होगा।