वाशिंगटन (07 जून 25)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को खत्म करवाने में बड़ी भूमिका निभाई। इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कड़ा जवाब दिया है। थरूर ने साफ कहा कि दोनों देशों की स्थिति बिल्कुल अलग है और उनके बीच मध्यस्थता की कोई गुंजाइश नहीं है।
थरूर ने कहा, 'मध्यस्थता ऐसा शब्द है जिसे हम मानने को तैयार नहीं हैं। जब आप 'मध्यस्थ' या 'ब्रोकर' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, तो आप यह मान लेते हैं कि दोनों पक्ष समान हैं, जबकि ऐसा नहीं है।' उन्होंने आगे कहा, 'एक तरफ वह देश है जो आतंकवाद को पनाह देता है और दूसरी ओर भारत है-एक मजबूत लोकतंत्र जो शांति से जीना चाहता है। ऐसे में दोनों के बीच कोई तुलना नहीं हो सकती।' थरूर ने यह भी कहा, 'भारत अपने तरीके से अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करता है, जबकि पाकिस्तान 75 साल पुरानी सीमाओं और राजनीतिक व्यवस्था को बदलना चाहता है। ऐसे दो बिल्कुल अलग देशों के बीच मध्यस्थता की बात करना बिल्कुल गलत है।' बता दें कि शशि थरूर इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं और वे 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर भारतीय सांसदों के एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने यह बयान अमेरिका की 'काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस' में एक सवाल के जवाब में दिया।