इंदौर(14 अप्रैल 25)। शहर में मेट्रो के सफर का सपना देख रहे लोगों के लिए मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने रविवार को एक बड़ी घोषणा की है। इंदौर मेट्रो का सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर कमर्शियल रन जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए टैरिफ और समय सारणी की घोषणा भी कर दी गई है। मेट्रो ट्रेन गांधीनगर से सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर तीन तक हर दिन 50 फेरे लगाएगी। सबसे अच्छी बात यह है कि न्यूनतम किराया 20 रुपए और अधिकतम किराया 30 रुपए रखा गया है। उससे भी अच्छी बात यह है कि प्रमोशन डिस्काउंट की योजना को शुरुआती 3 माह के लिए लागू किया गया है। पहले सप्ताह तो यात्री मुफ्त में ही सफर कर पाएंगे, इसके बाद यह डिस्काउंट 75 से घटते-घटते कम हो जाएगा।
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा जारी सूचना के अनुसार कमर्शियल रन की तिथि निर्धारित होते ही इस पर मेट्रो का संचालन शुरू किया जाएगा। इस कॉरिडोर के लिए ऑटोमेटिक गैर कलेक्शन एफसी सिस्टम लागू किया गया है। शुरुआती दौर में इस सिस्टम का परीक्षण किया जाएगा। इस चरण में यात्रियों को क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। भविष्य में चरणबद्ध रूप से अन्य डिजिटल टिकटिंग प्लेटफार्म भी शुरू किए जाएंगे। किराए की संरचना को इस प्रकार से तैयार किया गया है कि यह सभी यात्रियों के लिए सुलभ एवं किफायती हो।
मिली जानकारी के अनुसार गांधीनगर से सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर तीन तक जाने वाली ट्रेन 25 फेरे लगाएगी, जबकि इसी स्टेशन से वापस गांधीनगर की ओर यह ट्रेन लगेगी। इस तरह पूरे दिन भर में कुल 50 फेरे यह ट्रेन लगाएगी, जिससे हर 30 मिनट में यात्रियों को मेट्रो ट्रेन में बैठने का मौका मिल सकेगा। इसकी शुरुआत सुबह 8 बजे से होगी जो रात को 8 बजे तक चलेगी। आरंभिक जानकारी के अनुसार अभी स्टेशन का संचालन जोन वन और जोन 2 में किया जाएगा, जिसमें एक से लेकर पांच स्टेशन होंगे। इसमें न्यूनतम किराया 20 रुपए से लेकर अधिकतम 30 रुपए होगा, जब मेट्रो का पूरा ट्रैक बन जाएगा उस समय अधिकतम किराया 80 रुपए लिया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक पहले सप्ताह में बेस फेयर में 100% छूट मिलेगी, दूसरे सप्ताह में 75% की छूट मिलेगी, तीसरे सप्ताह में यह 60 प्रतिशत होगी, जबकि चौथे सप्ताह से तीन माह तक यह छूट 25% की होगी।