Sunday, 04 Oct 2026

इटली- इंडोनेशिया का भारत से साझा संकल्प

रोम (29 मई 25)। इतालवी सीनेटर स्टेफेनिया क्रैक्सी ने बुधवार को भारत के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कहा कि दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ एक स्वर में बोलना चाहिए और उन्होंने वैश्विक खतरे से निपटने के लिए भारत-इटली सहयोग का प्रस्ताव रखा। रोम स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में मंगलवार को रोम पहुंचे आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सीनेट की विदेश मामलों एवं रक्षा समिति की प्रमुख क्रैक्सी को आतंकवाद के खिलाफ भारत के एकजुट रुख तथा सीमा पार आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति के बारे में जानकारी दी।

रोम स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ‘सीनेटर क्रैक्सी ने कहा कि हमें आतंकवाद के खिलाफ एक स्वर में बोलना चाहिए और इस वैश्विक संकट से निपटने के लिए भारत-इटली सहयोग का प्रस्ताव रखा।' रोम पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का स्वागत राजदूत वाणी राव ने किया, जिन्होंने शहर में उनके व्यस्त कार्यक्रम के बारे में प्रतिनिधमंडल को जानकारी दी। दूतावास ने कहा, ‘प्रतिनिधिमंडल ‘ऑपरेशन सिंदूर' के संदर्भ में सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ भारत का दृढ़ और एकजुटता वाला संदेश देगा।' उधर, इंडोनेशिया ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को सभी संभावित मंचों पर अपना समर्थन देने की बुधवार को प्रतिबद्धता जताई। इंडोनेशिया ने यह समर्थन तब दिया जब जद (यू) सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के खिलाफ नयी दिल्ली के स्पष्ट रुख से अवगत कराने के उद्देश्य के साथ यहां पहुंचा। जकार्ता स्थित भारतीय दूतावास ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया कि प्रतिनिधिमंडल ने इंडोनेशिया के विदेश उपमंत्री आरिफ हवास ओग्रोसेनो से मुलाकात की और बताया कि ‘पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हमला शांति के माहौल को बाधित करने और समुदायों के बीच दरार पैदा करने का एक प्रयास था।' इसने कहा, ‘इंडोनेशियाई पक्ष ने आतंकवादी कृत्यों की निंदा की तथा सभी संभावित मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में (भारत के) समर्थन का वादा किया।' प्रतिनिधिमंडल ने यहां मुख्यालय में दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्रों का संघ (आसियान) महासचिव काओ किम होर्न से भी मुलाकात की।

Tags:

Follow us

This question is not available..!