नईदिल्ली (21 जून 25)। ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे युद्ध के चलते संकटग्रस्त इलाकों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए भारत सरकार ने एक विशेष बचाव अभियान ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य इज़राइल में रह रहे भारतीय छात्रों, मजदूरों और केयरगिवर्स को सुरक्षित स्वदेश लाना है।
सरकार ने घोषणा की है कि ऑपरेशन सिंधु का शुभारंभ रविवार, 22 जून को सुबह 6 बजे से होगा और यह अभियान मंगलवार, 24 जून तक चलेगा। इस दौरान विशेष विमान (स्पेशल फ्लाइट्स) के ज़रिए फंसे हुए भारतीयों को निकाला जाएगा। इन फ्लाइट्स का संचालन हर दिन सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच किया जाएगा। भारत का इज़राइल स्थित दूतावास इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। दूतावास ने इज़राइल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है, ताकि उन्हें निर्धारित समय पर सुरक्षित निकाला जा सके। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर और दूतावास की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और उड़ानों का विवरण भी उपलब्ध करा दिया गया है। भारत के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि इज़राइल और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद भारतीय छात्रों, कामगारों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है ताकि कोई भी भारतीय नागरिक वहां फंसा न रह जाए।