Tuesday, 06 Oct 2026

ओलावृष्टि से फसल बर्बाद, किसान ने फांसी लगाई

उज्जैन (28 जनवरी 26)। जिले में मंगलवार को हुई तेज ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। फसल को हुए भारी नुकसान के सदमे में तराना तहसील के ग्राम खेड़ा जमुनिया निवासी किसान पंकज मालवीय ने खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले पंकज मालवीय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फसल खराब होने का वीडियो भी साझा किया था, जिसमें उसने अपनी चिंता जाहिर की थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पंकज मालवीय की लगभग 6 बीघा जमीन पर गेहूं की फसल लगी थी, जो मंगलवार को हुई ओलावृष्टि में पूरी तरह नष्ट हो गई। फसल खराब होने से वह गहरे तनाव में था। मंगलवार रात वह घर भी नहीं लौटा। बुधवार सुबह जब परिजन खेत पहुंचे, तो उसका शव वहां मिला। पंकज मालवीय अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। परिवार में उसकी मां, पत्नी, 8 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय बेटी हैं। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी अप्रैल माह में होने वाली थी। पिता का पहले ही निधन हो चुका है।

मौत से एक दिन पहले हुई थी फोन पर बात -मृतक के समधी ईश्वरलाल परमार ने बताया कि दो दिन पहले पंकज की बहन की सगाई हुई थी। मंगलवार शाम करीब 7 बजे पंकज से फोन पर बातचीत हुई थी। उसने फसल बर्बाद होने के कारण बहन की शादी को लेकर चिंता जताई थी और कहा था कि बयाना देने के बाद अब शादी की व्यवस्था कैसे हो पाएगी। परिजनों ने उसे समझाया कि सभी मिलकर समाधान निकाल लेंगे, लेकिन इसके बावजूद उसने यह कदम उठा लिया।


Tags:

Follow us

This question is not available..!