ओवल (04 अगस्त 25)। भारत ने ओवल टेस्ट को 6 रन से जीत लिया है। पांचवें दिन मेजबान इंग्लैंड को जीत के लिए 35 रन बनाने थे, लेकिन वह सिर्फ 28 रन ही बना पाई और 6 रन से मैच हार गई। इसी के साथ एंडरसन तेंदुलकर ट्रॉफी 2-2 से बराबरी पर छूटी है। यह ओवल मैदान पर भारत द्वारा जीता गया सिर्फ तीसरा टेस्ट मैच है। साथ ही यह टेस्ट क्रिकेट इतिहास में भारत की सबसे कम रनों के अंतर से आई जीत है। अजीत वाडेकर और विराट कोहली के बाद शुभमन गिल ऐसे तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं, जिनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने ओवल मैदान पर टेस्ट मैच जीता है।
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 106 के स्कोर तक 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से हैरी ब्रूक और जो रूट ने 195 रनों की पार्टनरशिप कर टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ाईं, रूट और ब्रूक ने क्रमशः 105 रन और 111 रनों की पारी खेली। ओवल पर भारत ने सबसे पहली बार 1971 में जीत दर्ज की थी, उस समय अजीत वाडेकर भारत के कप्तान हुआ करते थे। उसके 50 साल बाद विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने 2021 में इंग्लैंड को हराया था। टेस्ट क्रिकेट इतिहास में यह भारत की सबसे कम रनों के अंतर से आई जीत है। इससे पहले भारत की सबसे कम अंतर से आई जीत का अंतर 13 रन था, जो 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी। वहीं 1972 में भारत ने इंग्लैंड को 28 रनों से हराया था।