Monday, 05 Oct 2026

कोई कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष से कम नहीं: खंडेलवाल

इंदौर (08 जुलाई 25)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत व परिश्रम से भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। मध्यप्रदेश में भाजपा संगठन बहुत मजबूत स्थिति में है, इसका श्रेय भी आप सभी कार्यर्ताओं को ही जाता है। हमें उन कार्यकर्ताओं और नेतृत्वों को भी हमेशा याद रखना है, जिन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत कर हमें जनता की सेवा करने का अवसर दिलाया है। खण्डेलवाल सोमवार को इंदौर में स्वागत समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा देश का एक मात्र ऐसा राजनीतिक दल है जिसमें कार्यकर्ता किसी भी पद पर पहुंच सकता है। हमें पार्टी संगठन को मजबूत बनाने वाले अपनी पार्टी के पूर्ववती श्रद्धेय कार्यकर्ताओं को भी याद करना होगा, जिन्होंने पार्टी संगठन को यहां तक पहुंचाने में अपनी महती भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि मैं भी पार्टी का सामान्य कार्यकता हूं। भाजपा संगठन का हर कार्यकर्ता खुद को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से कम न समझें। सभी कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान हमेशा बरकरार रखा जाएगा। आप सभी कार्यकर्ता किसी दायित्व में रहें या न रहें, पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करते रहें। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेत्री सुमित्रा महाजन, कृष्णमुरारी मोघे, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम, तेजबहादुर सिंह, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा,विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड, महेंद्र हार्डिया, मनोज पटेल, इंदौर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, सत्यनारायण सत्तन,   संजय शुक्ला, गौरव रणदिवे, जयपालसिंह चावड़ा, सावन सोनकर, डॉ निशांत खरे, अंजू माखीजा आदि उपस्थित रहे। इसके पूर्व खण्डेलवाल ने एक होटल में इंदौर ग्रामीण जिले के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित किया। तत्पश्चात खण्डेलवाल ने खजराना गणेश मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन किया एवं दाता बंदीछोड़ गुरूद्वारा पहुंचकर मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की कामना की। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!