नईदिल्ली (09 जुलाई 25)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उनकी जुबान दो बार फिसल जाती है। वीडियो में वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जिक्र करते हुए गलती से उनके नाम 'मुरमा जी' और 'कोविड' कह देते हैं। इस घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष पर जोरदार हमला बोला है।
यह विवाद छत्तीसगढ़ के रायपुर में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान हुआ, जहां खड़गे ने कहा, 'वे (भाजपा) कहते हैं कि हमने मुरमा जी को राष्ट्रपति बनाया, कोविड जी को राष्ट्रपति बनाया। हां, बनाया लेकिन क्यों? हमारे संपत्ति, जंगल छीनने के लिए? हमारे पानी को रोकने के लिए? हमारी जमीन को बेचने के लिए?' बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने बताया कि खड़गे ने द्रौपदी मुर्मू को 'मुर्मा जी'और पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को 'कोविड' कहकर सम्मानहीनता दिखाई है। गौरव भाटिया ने खड़गे पर आरोप लगाया कि वे राहुल गांधी के इशारे पर आदिवासी विरोधी, दलित विरोधी, महिला विरोधी और संविधान विरोधी बयान दे रहे हैं। बीजेपी ने खड़गे के इस बयान को राष्ट्रपति पद और आदिवासी समाज का अपमान बताया है और कांग्रेस पर कठोर प्रतिक्रिया व्यक्त की है।