Monday, 28 Sep 2026

खरगे ने मोदी को झूठों का सरदार बताया

महराजगंज (14 मई 24)।  कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को झूठों का सरदार करार देते हुए दावा किया कि अगर फिर से वह प्रधानमंत्री बने तो भविष्य में चुनाव नहीं होंगे। महराजगंज में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के प्रमुख घटक कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र चौधरी के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर वादों से मुकरने का आरोप लगाया।

मंच पर समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव शिवपाल सिंह यादव समेत गठबंधन के कई नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘प्रधानमंत्री झूठ बोलते हैं। मोदी झूठे हैं और मैं बार-बार कहता हूं कि मोदी झूठों के सरदार हैं।' खरगे ने लोगों की भीड़ के समक्ष दावा किया कि, ‘यह व्यक्ति (मोदी) फिर से आया (प्रधानमंत्री बने) तो आगे चुनाव नहीं होंगे। दलितों, आदिवासी, पिछड़े, महिला के कोई उम्मीदवार नहीं होंगे।' खरगे ने सभा में जाति आधारित जनगणना की चर्चा करते हुए शिवपाल सिंह यादव और समाजवादी नेता दिवंगत राम मनोहर लोहिया की सराहना की।

खरगे ने सभा में भगवान बुद्ध से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों के साथ महराजगंज के पूर्व सांसद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिब्बन लाल सक्सेना को याद किया। खरगे ने दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह को भी श्रद्धांजलि दी और उन्‍हें पूर्वांचल के विकास का श्रेय दिया। कांग्रेस नेता ने स्थानीय सांसद और केन्‍द्रीय वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि आपने जिसे सांसद चुना उन्होंने आपके लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि यहां का जिला मुख्यालय रेल लाइन से नहीं जुड़ा है। क्षेत्र के पिछड़ेपन की चर्चा करते हुए खरगे ने कहा कि यहां मोदी जी के जमाने में बहुत सी चीनी मिलें गायब हो गयीं, लेकिन यहां के मुख्यमंत्री व मंत्री क्यों चुप बैठे हैं?

Tags:

Follow us

This question is not available..!