नईदिल्ली (30 दिसंबर 25)। अमेरिका, चीन और भारत समेत दुनिया के कई देशों ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन पर मंगलवार को गहरा शोक व्यक्त किया तथा बांग्लादेश के लोकतांत्रिक सफर को आकार देने में उनकी राजनीतिक विरासत एवं भूमिका को याद किया। तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं और शेख हसीना की प्रमुख राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी खालिदा जिया का 80 वर्ष की आयु में मंगलवार को निधन हो गया। वह लंबे समय तक बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख रही थीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर बुधवार को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ढाका जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, 'विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में भारत सरकार और भारत की जनता का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उद्देश्य से वह 31 दिसंबर 2025 को ढाका की यात्रा करेंगे।' बीएनपी द्वारा जारी बयान के अनुसार, उनका निधन सुबह करीब 6 बजे, फजर की नमाज़ के तुरंत बाद हुआ। खालिदा जिया लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं। उन्हें फेफड़ों में संक्रमण, हृदय रोग, मधुमेह, लिवर सिरोसिस और किडनी संबंधी जटिलताएं थीं। इसी महीने उन्हें उन्नत इलाज के लिए लंदन भी भेजा गया था।