Monday, 05 Oct 2026

खालिदा जिया को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलाम

ढाका (31 दिसंबर 25)। बांग्लादेश ने बुधवार को अपनी पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। ढाका स्थित जातीय संसद भवन के साउथ प्लाज़ा में उनका नमाज़-ए-जनाज़ा अदा किया गया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। नमाज़-ए-जनाज़ा का नेतृत्व बैतुल मुक़र्रम राष्ट्रीय मस्जिद के ख़तीब ने किया, जबकि BNP के वरिष्ठ नेता नज़रुल इस्लाम खान ने आयोजन की देखरेख की। सुबह से ही माणिक मिया एवेन्यू पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। ढाका के अलावा फेनी, ब्राह्मणबारिया, मयमनसिंह, कुमिल्ला, गाज़ीपुर, नारायणगंज सहित कई जिलों से पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे।

अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस भी संसद परिसर पहुंचे और खालिदा जिया को अंतिम श्रद्धांजलि दी। बाद में घोषणा की गई कि उन्हें राजधानी के शेर-ए-बांग्ला नगर में अपने पति और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बगल में दफनाया जाएगा। भारत ने भी औपचारिक रूप से अंतिम संस्कार में भाग लिया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर विशेष विमान से ढाका पहुंचे और BNP के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवेदना पत्र सौंपा। जयशंकर ने खालिदा जिया के लोकतांत्रिक योगदान की सराहना करते हुए भारत-बांग्लादेश संबंधों को आगे बढ़ाने की बात कही। पाकिस्तान, नेपाल और भूटान समेत कई दक्षिण एशियाई देशों ने अपने वरिष्ठ प्रतिनिधि भेजे। बांग्लादेश सरकार ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है और बुधवार को सार्वजनिक अवकाश रखा गया। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए, 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहे। 80 वर्षीय खालिदा जिया का लंबी बीमारी के बाद निधन हुआ। वह बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं और तीन बार इस पद पर रहीं। सैन्य शासन के बाद लोकतंत्र की बहाली में उनकी भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!