इंदौर (15 जनवरी 26)। विधायक गोलू शुक्ला की उपनगरीय बस ने फिर बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने बस को आग के हवाले कर दिया। अफरा-तफरी मची तो फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। यह बस सांवेर से आकर सरवटे बस स्टैंड जा रही थी।
फायर ब्रिगेड के अनुसार... घटना पटेल ब्रिज के नीचे बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे की है। छोटी ग्वालटोली के आगे शुक्ला ब्रदर्स की बस (एमपी-09 एफए-8820) में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को भेजा गया। जब टीम पहुंची तो बस से काफी ऊंची लपटें निकल रही थीं। एक टैंकर पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। इस दौरान बस चालक भीड़ से बचते हुए मौके से भाग निकला। वह बस में आग लगने के बाद गाड़ी से उतरकर बाहर आ गया हो।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार तेज थी और उसमें कुछ यात्री भी बैठे थे। बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर से युवक के हाथ, पैर और पीठ में चोट लगी। लोगों ने बस को रोका और चालक के साथ हाथापाई की। राहगीरों ने घायल युवक को एमवाय अस्पताल पहुंचाया। उधर आग ने बस के अगले और पिछले हिस्से को चपेट में ले लिया। शुक्ला ब्रदर्स की बस से चार माह में यह तीसरी घटना है। इससे पहले इंदौर-उज्जैन रोड पर बस की टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। राजकुमार ब्रिज पर भी बस ने महिला और बेटी को टक्कर मारकर घायल कर दिया था। घायल का नाम पता नहीं चल सका। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है।
पिछले दिनों राजकुमार ब्रिज पर विधायक की बस ने युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने की घटना को ट्रैफिक पुलिस ने गंभीरता से लिया था। इसके बाद स्नेहलतागंज वाले रास्ते पर बेरीकेडिंग की थी, कुछ जवान भी तैनात किए थे, लेकिन दो दिन ही ट्रैफिक पुलिस अपना काम कर पाई। वर्तमान में न तो ब्रिज पर जवान तैनात हैं और न स्नेहलतागंज रोड पर बेरीकेडिंग लगे हैं। तेज गति से बस चलाकर हादसे कारित करते हैं।