रायपुर (12 सितंबर 25)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद और नारायणपुर जिलों में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद जिले में आज मंगलवार को माओवाद-विरोधी अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में 10 माओवादी मारे गए, वहीं नारायणपुर में 16 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बताया कि गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगल में मंगलवार सुबह माओवाद-विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। इस ऑपरेशन में विशेष कार्य बल (एसटीएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा इकाई (कमांडो बटालियन फॉर रेज़ोल्यूट एक्शन) और अन्य राज्य पुलिस इकाइयां शामिल थीं। अमरेश मिश्रा ने कहा, 'मुठभेड़ में अब तक 10 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। रुक-रुक कर गोलीबारी अभी भी जारी है।' मुठभेड़ स्थल से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की गई है, जिसका विवरण अभी सामने नहीं आया है। यह अभियान माओवादियों के खिलाफ राज्य में चल रहे सघन ऑपरेशनों का हिस्सा है, जिसके तहत सुरक्षाबल उनके गढ़ों को कमजोर करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा, नारायणपुर जिले में बुधवार शाम 16 माओवादियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने संगठन की 'खोखली विचारधारा', निर्दोष आदिवासियों पर अत्याचार और आंतरिक मतभेदों से निराशा जताई।